सिलीगुड़ी: सिक्किम के गंगटोक स्थित लोअर बोजोजहारी के सिरिक इलाके में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भूस्खलन की घटना सामने आई है। पहाड़ी से भारी मात्रा में कीचड़ और मलबा खिसककर नीचे मुख्य सड़क पर आ गया, जिसकी चपेट में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां और टैक्सियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बताया जा रहा है कि एक निर्माणाधीन इमारत के ऊपर बनी सड़क से मलबा बहकर नीचे आया। इस दौरान कुछ आवासीय संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। मलबा और कीचड़ सड़क पर फैलने के कारण इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। लगातार बारिश के चलते इलाके में आगे भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन मौके का जायजा ले रहा है और सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

























