लुंगचोक में होलिस्टिक इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद एवं वेलनेस सेंटर की आधारशिला
सिक्किम: सिक्किम के पाक्योंग जिले के लुंगचोक में होलिस्टिक इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद एंड वेलनेस सेंटर की आधारशिला रखी गई। इस परियोजना को सिक्किम को समग्र स्वास्थ्य सेवा, योग, आयुर्वेद और वेलनेस पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित संस्थान में आयुर्वेद, पंचकर्म, योग, ध्यान और समग्र चिकित्सा पद्धतियों को एकीकृत किया जाएगा। इससे पारंपरिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने योग की समृद्ध भारतीय परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से दुनिया भर में लाखों लोग स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 13 जून 2025 को आयुष विभाग के स्वतंत्र विभाग के रूप में स्थापित होने के बाद राज्य में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। इसके तहत सोचकगांग और गेजिंग में अस्पतालों का संचालन तथा देवराली में सोवा-रिग्पा अस्पताल एवं शैक्षणिक संस्थान की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने कहा कि निवारक स्वास्थ्य सेवा और जनकल्याण को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए ‘हर घर योग’ अभियान को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। इस अभियान के तहत 1.5 लाख से अधिक पंजीकरण हुए हैं, जबकि ‘योग फॉर मेंटल हेल्थ’ पहल के अंतर्गत 825 योग शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है। मुख्यमंत्री ने सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने और ‘आमा योजना’ सहित राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार समावेशी विकास, बेहतर बुनियादी ढांचे और प्रत्येक परिवार के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचे का विकास करना नहीं, बल्कि राज्य की समृद्ध पारंपरिक विरासत को संरक्षित करना, समग्र स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना, आजीविका के टिकाऊ अवसर पैदा करना और सिक्किम को स्वस्थ, खुशहाल एवं समृद्ध बनाना है।
























