सिलीगुड़ी: डुआर्सवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करते हुए जयगांव से कोलकाता के लिए उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की वोल्वो बस सेवा शुरू कर दी गई है। शुक्रवार शाम जयगांव बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अलीपुरदुआर के सांसद मनोज टिग्गा, समाजसेवी मोहन शर्मा और आलोक मित्रा सहित एनबीएसटीसी के कई अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवहन राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने कहा कि जयगांव से कोलकाता के बीच सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह सेवा शुरू की गई है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की ओर से दुर्गापूजा का उपहार बताया।

























