सिलीगुड़ी: बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा आगामी 16 से 18 नवंबर तक सिक्किम के नामफ्रिकदांग, डिजोंगू में आयोजित होने वाले सिक्किम राइडर्स मीट में शामिल होंगे।
डर्टी एंजल्स मोटरसाइकिल क्लब की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल राइडर्स और बाइकिंग के शौकीनों के जुटने की उम्मीद है। रणदीप हुड्डा ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से राइडर्स को इस आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
बताया जा रहा है कि आयोजन के दौरान रणदीप हुड्डा सिक्किम के मोटरसाइकिलिंग समुदाय के सदस्यों के साथ राइड भी करेंगे। इस राइडर्स मीट का उद्देश्य मोटरसाइकिलिंग के प्रति उत्साह को बढ़ावा देने के साथ प्रतिभागियों को सिक्किम की खूबसूरत सड़कों और प्राकृतिक दृश्यों का अनुभव कराना है।

























