सिलीगुड़ी: आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए मंगन जिला पुलिस ने उत्तरी क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक रिनजिंग चोपेल राय ने चुंगथांग के एसडीपीओ चंदन छेत्री के साथ लाचुंग पुलिस थाना/चेक पोस्ट, युमेसामडोंग पुलिस पोस्ट और जीरो पॉइंट का दौरा किया। दौरे के दौरान पर्यटकों के लिए आवश्यक आरएपी/पीएपी की सख्त जांच, निर्धारित पर्यटक वाहनों के समय का पालन, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और स्पष्ट आपातकालीन संचार व्यवस्था पर जोर दिया गया। पुलिस टीम ने लाचुंग में 115 जीआरईएफ के अधिकारी अतुल भारद्वाज के साथ समन्वय बैठक भी की। बैठक में यात्रियों व पर्यटकों की सुरक्षा, विशेषकर संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। सुरक्षा संकेतक व रिफ्लेक्टर लगाने तथा जीरो पॉइंट, लाचुंग में पार्किंग क्षेत्र के विस्तार के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इससे पहले एसपी राय ने चुंगथांग स्थित 11वीं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कमांडिंग ऑफिसर देबनाथ राय से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर चर्चा की।जिला पुलिस के अनुसार, यह दौरा आगामी पर्यटन सीजन के लिए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की दिशा में किया गया।

























