सिलीगुड़ी: सिक्किम के सड़क एवं पुल मंत्री एन.बी. दाहाल ने कहा कि प्रमुख सड़क एवं राजमार्ग परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सिलीगुड़ी से गंगटोक की यात्रा का समय मौजूदा करीब चार घंटे से घटकर लगभग 90 मिनट हो सकता है। इससे राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में दाहाल ने बताया कि मानसून में क्षतिग्रस्त 572 किलोमीटर सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए 546 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन सड़कों के निर्माण में मैस्टिक डामर तकनीक का इस्तेमाल होगा और अनुमानित आयु सात वर्ष होगी। इस अवधि में रखरखाव की जिम्मेदारी ठेकेदारों की होगी।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में जीएलओएफ जैसी घटनाओं से करीब 10-12 पुल बह गए। सिरवानी पुल का निर्माण अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, मेल्ली-सिंगतम एनएच-210 और सेवोक-मेल्ली चार लेन परियोजनाओं से सिलीगुड़ी-गंगटोक संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। मेल्ली-सिंगतम परियोजना की अनुमानित लागत एक हजार करोड़ रुपये से अधिक है।

























