सिलीगुड़ी: दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों में PWD और PHE की विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर सोमवार को प्रशासनिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सांसद राजू बिष्ट और विभागीय मंत्री डॉ. अजय पोद्दार शामिल हुए। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण घरों तक नल से पेयजल पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
पार्किंग सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना
दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कर्सियांग और दार्जिलिंग को जोड़ने वाले प्रस्तावित रोपवे, जामुने को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने तथा दार्जिलिंग के विभिन्न रणनीतिक स्थानों पर अतिरिक्त पार्किंग सुविधाएं विकसित करने के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में घूम, लेबोंग, कालिम्पोंग, कर्सियांग और मिरिक में नई पार्किंग सुविधाएं विकसित करने के साथ-साथ दार्जिलिंग में मौजूदा पार्किंग क्षमता बढ़ाने की योजना पर भी विचार किया गया। सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था और आवागमन बेहतर होगा तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होंगे। बैठक में GTA के प्रशासक स्मृतिरंजन मोहंती, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी हरिशंकर पाणिक्कर, PWD के मुख्य अभियंता, विभागीय वरिष्ठ अभियंता एवं अधिकारी तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा बैठक के दौरान दोनों जिलों में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की पहचान कर आवश्यक बुनियादी ढांचे और पेयजल परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए प्राथमिकताएं तय की गईं।

























