सिलीगुड़ी: कालिम्पोंग को ‘पश्चिम बंगाल की एडवेंचर कैपिटल’ घोषित किए जाने से जिले में उत्साह का माहौल है। सिलीगुड़ी में आयोजित कंचनजंघा पर्यटन उत्सव के दौरान गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन के पर्यटन विभाग की ओर से यह घोषणा की गई।
इस घोषणा को कालिम्पोंग के पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे जिले को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन क्षेत्र को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से विकसित करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया गया। नई तकनीक, ज्ञान, जानकारी और डेटा के माध्यम से कालिम्पोंग की पर्यटन संभावनाओं को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई गई।
इस अवसर पर नए विचार, योजनाएं, परियोजनाएं और रचनात्मक सोच रखने वाले युवाओं एवं नागरिकों से कालिम्पोंग के विकास में योगदान देने की अपील की गई। एडवेंचर स्पोर्ट्स के साथ स्थानीय संसाधनों और पर्यटन की संभावनाओं को चिन्हित कर उनके विकास पर भी जोर दिया गया।
कालिम्पोंग को नई पहचान मिलने से पर्यटन क्षेत्र में रोजगार और व्यवसाय के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इस मौके पर साम्देन लेप्चा ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए विकास और समृद्धि के लिए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

























