सिलीगुड़ी: सिक्किम में हवाई संपर्क मजबूत करने की दिशा में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने रांका, मार्तम और सादाम में प्रस्तावित तीन ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों के लिए पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन शुरू कर दिया है। यह पहल राज्य सरकार की ओर से प्रस्तुत प्रस्ताव के बाद शुरू हुई है।
एएआई की बहु-विषयक तकनीकी टीम प्रस्तावित स्थलों की तकनीकी, विमानन, परिचालन, इंजीनियरिंग और अन्य आवश्यक पहलुओं की जांच कर रही है। अध्ययन के दौरान स्थल की उपयुक्तता, विमानन आवश्यकताओं, संपर्क व्यवस्था और अन्य तकनीकी मानकों का प्रारंभिक आकलन किया जा रहा है।
यह प्रक्रिया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स पॉलिसी, 2008 और पूर्वोत्तर राज्यों से संबंधित प्रावधानों के तहत आगे बढ़ाई जा रही है। सिक्किम सरकार इस संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एएआई के साथ समन्वय कर रही है। अध्ययन के लिए एएआई की तकनीकी टीम में महाप्रबंधक रोशन दासु कांबले समेत सिविल इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर, सीएनएस, एटीएम-सीएफडी और ऑपरेशंस से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। राज्य के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की टीम का नेतृत्व प्रधान मुख्य अभियंता-सह-सचिव नीरज प्रधान ने किया। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन केवल प्रारंभिक तकनीकी आकलन है। इससे हवाई अड्डे के निर्माण की मंजूरी स्वतः नहीं मिलती। आगे का निर्णय अध्ययन के निष्कर्षों, आवश्यक वैधानिक मंजूरियों और निर्धारित प्रक्रियाओं के आधार पर लिया जाएगा।

























