सिलीगुड़ी : सिक्किम में अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में समुद्र तल से करीब 13,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित नाथांग घाटी में पहली बार हिमालयन याक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। एक दिवसीय इस महोत्सव में सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के याक पालक एवं संबंधित समुदाय हिस्सा लेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य याक संरक्षण, आजीविका विकास और उच्च हिमालयी पर्यटन को बढ़ावा देना है।
ऐतिहासिक ओल्ड सिल्क रूट पर स्थित नाथांग घाटी का याक पालन से लंबे समय से जुड़ाव रहा है। महोत्सव में याक की विभिन्न नस्लों, पारंपरिक चरवाहा पद्धतियों और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आने वाले याक पालकों को अपने अनुभव और ज्ञान साझा करने के लिए साझा मंच मिलेगा।
आयोजन के दौरान टिकाऊ और वैज्ञानिक याक पालन को बढ़ावा देने, वैज्ञानिक प्रजनन तथा याक संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। आईसीएआर के शोध के अनुसार, सिक्किम में करीब 5,219 याक हैं। देश में याक की घटती संख्या को लेकर बढ़ती चिंता के बीच इस महोत्सव को संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य याक को केवल पारंपरिक पशुधन के रूप में नहीं, बल्कि हिमालयी समुदायों की आजीविका, संस्कृति और सतत पर्यटन से जुड़े महत्वपूर्ण संसाधन के रूप में स्थापित करना है।

























