सिलीगुड़ी: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने बुधवार को सोरेंग जिले के रेसी स्थित डाक बंगले में रंगीत स्टेज-IV जलविद्युत (एचई) परियोजना की वर्तमान स्थिति और प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति और इसके क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने एनएचपीसी अधिकारियों को आम जनता की सुविधा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए परियोजना का कार्य प्रभावी ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से सुरंगों में पर्याप्त रोशनी, पैदल यात्रियों के अनुकूल व्यवस्था तथा आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना से जुड़े मामलों की जांच के लिए राज्य के खान एवं भू-विज्ञान विभाग के अधिकारियों तथा संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को शामिल कर एक समिति गठित की जाएगी। उन्होंने एनएचपीसी और प्रस्तावित समिति को राज्य में चल रही परियोजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन और निगरानी के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में एनएचपीसी के डीजीएम-एचआरटी आरएम साहू ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से रंगीत स्टेज-IV परियोजना की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। इसमें डैम कंट्रोल रूम भवन, डिसिपेटिंग चैंबर एवं सेल्फ-फ्लश टनल, हेड रेस टनल (एचआरटी), सर्ज शाफ्ट, पावर हाउस, टेल रेस चैनल, पॉटहेड यार्ड तथा रेसी स्थित बांध स्थल के समीप एसएच-22/एनएच-510 के किनारे डायवर्जन रोड टनल के कार्यों की स्थिति शामिल थी।
प्रस्तुति में पुनर्वास एवं सुधारात्मक कार्यों, प्रमुख निर्माण उपकरणों की आवश्यकता तथा चुन भट्टी नाला स्लाइड जोन के आकलन से संबंधित सुझाव भी रखे गए।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष एमएन शेरपा, सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री एनबी दाहाल, भवन एवं आवास विभाग के मंत्री भीम हांग लिम्बू, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव जैकब खालिंग, विधायक, सोरेंग के जिलाधिकारी धीरज सुबेदी, एडीसी डीआर बिष्ट, एसडीएम, सड़क एवं पुल विभाग के एसई तारा सुब्बा, एनएचपीसी के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

























