पर्यटन व्यापार और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल के अलीपुरदुआर जिले के लिए सोमवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। पश्चिम बंगाल में नए हवाई अड्डों के विकास और केंद्र की ‘उड़ान’ योजना के तहत विमान सेवा विस्तार को लेकर कोलकाता के नवान्न में महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। योजना में अलीपुरदुआर के हासीमारा के साथ पुरुलिया के छर्रा, पश्चिम मेदिनीपुर के कलाइकुंडा और दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट में हवाई अड्डों के विकास का प्रस्ताव है।
हासीमारा में प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए कुल 37 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है। इसमें एयरफोर्स स्टेशन के उत्तर में करीब 25 एकड़ सरकारी जमीन तथा साताली और मधु चाय बागान से अधिग्रहित 12 एकड़ जमीन शामिल है। राज्य सरकार द्वारा एनओसी जारी करने के बाद जमीन केंद्र के नागरिक उड्डयन मंत्रालय को हस्तांतरित की जा चुकी है। जिला भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग की ओर से सर्वेक्षण भी पूरा हो गया है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय हासीमारा में केवल छोटे विमानों के लिए एयरपोर्ट नहीं, बल्कि पूर्ण विकसित घरेलू हवाई अड्डा बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे अलीपुरदुआर और पूरे डुआर्स क्षेत्र को देश के प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। उनका कहना है कि एयरपोर्ट बनने से पर्यटन, व्यापार, रोजगार और गंभीर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

























