चार नई पहल शुरू; एडवेंचर फेस्ट का पोर्टल भी लॉन्च
सिलीगुड़ी: सिक्किम पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग ने पर्यटन सेवाओं के आधुनिकीकरण और राज्य के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को चार नई डिजिटल पहलों की शुरुआत की। कार्यक्रम में पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन तथा वाणिज्य मंत्री छिरिंग टी. भूटिया सहित विभागीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे । इन पहलों में सिक्किम एडवेंचर टूरिज्म फेस्ट 2026 के लिए समर्पित वेब पोर्टल प्रमुख है। आगामी 1 से 7 नवंबर तक नामची जिले में आयोजित होने वाले इस महोत्सव से जुड़ी जानकारी और विभिन्न सेवाएं पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान पोर्टल की प्रमुख विशेषताओं का वीडियो प्रस्तुति के जरिए प्रदर्शन भी किया गया। विभाग ने इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), गंगटोक में ई-ऑफिस प्रणाली शुरू की। इसके साथ आईएचएम सिक्किम का पहला ऐसा संस्थान बन गया है, जिसने अपने प्रशासनिक कार्यों को पूरी तरह ऑनलाइन प्रणाली में स्थानांतरित किया है। इसी क्रम में सिक्किम टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने भी ई-ऑफिस प्रणाली अपनाई। इसके साथ एसटीडीसी राज्य का पहला सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम बन गया है, जिसने डिजिटल प्रशासनिक व्यवस्था लागू की है। चौथी पहल के तहत अतिथि जीआईएस पोर्टल का उन्नत संस्करण लॉन्च किया गया। इसमें सरल बुकिंग प्रक्रिया, पर्यटकों के लिए स्वयं बुकिंग और ऑनलाइन भुगतान जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इससे पर्यटक डिजिटल माध्यम से बुकिंग एवं भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इन डिजिटल पहलों से पर्यटन क्षेत्र में पंजीकरण, नवीनीकरण, भुगतान, परमिट तथा यात्रियों से संबंधित सेवाओं को और अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

























