सिलीगुड़ी: राहत आयुक्त-सह-सचिव मिंगमा टी. शेरपा के नेतृत्व में सुरंग निगरानी समिति ने रेशी रोड सुरंग का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरंग की संरचनात्मक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, जल निकासी, रखरखाव और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की गई। समिति ने जल निकासी व्यवस्था, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और संरचनात्मक रखरखाव से जुड़े कई लंबित कार्यों की पहचान करते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मिंगमा टी. शेरपा ने एनएचपीसी से सुरंग में लागू सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी ली और सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। सोरेंग के उपायुक्त धीरज सुबेदी ने सुरंग में सुरक्षित पैदल मार्ग विकसित करने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कर नियमित रखरखाव की आवश्यकता पर जोर दिया। समिति ने एनएचपीसी के रंगीत चरण-चार जलविद्युत परियोजना से जुड़े अधिकारियों को सुरक्षा उपाय मजबूत करने और लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खान एवं भूविज्ञान विभाग, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।

























