रिम्बी में भूस्खलन प्रभावित परिवारों को SGAY के तहत प्राथमिकता पर मिलेंगे घर
पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 5 लाख रुपये और अन्य प्रभावित परिवारों को भी मिलेगी आर्थिक मदद
सिलीगुड़ी: ग्यालशिंग: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने ग्यालशिंग जिले के युकसोम-ताशीडिंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रिम्बी में भूस्खलन प्रभावित परिवारों के लिए आवास और आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों को सिक्किम गरीब आवास योजना (SGAY) के तहत प्राथमिकता के आधार पर घर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए उसी दिन आवंटन आदेश जारी करने की घोषणा भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भूस्खलन में क्षतिग्रस्त हुए मकानों के मालिकों को स्थायी आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
राहत पैकेज के तहत, जिन तीन परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, क्षतिग्रस्त हुई दो रसोई के लिए 2-2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, भूस्खलन से प्रभावित प्रत्येक परिवार को तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए 1 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
आपदा के कारण विस्थापित होकर किराये के मकानों में रह रहे परिवारों को मुख्यमंत्री के विवेकाधीन अनुदान के तहत 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों की समस्याओं का जायजा लिया। घोषित सहायता का उद्देश्य प्रभावित लोगों पर आर्थिक बोझ कम करना, उनके पुनर्वास में तेजी लाना और उन्हें सामान्य जीवन में लौटने में मदद करना है।

























