ओल्ड मालदह और गाजोल के बीच एयरपोर्ट बनाने की संभावनाओं का जायजा
सिलीगुड़ी: मालदह जिले में बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की संभावनाओं को लेकर शुक्रवार को मालदह उत्तर के सांसद खगेन मुर्मू, विधायक गोपाल चंद्र साहा और भूमि विभाग के अधिकारियों ने ओल्ड मालदह के भावुक क्षेत्र के पश्चिम बंजापाड़ा में संभावित जमीन का निरीक्षण किया। सांसद और विधायक के अनुसार, प्रस्तावित एयरपोर्ट के निर्माण के लिए करीब 1,000 एकड़ जमीन की आवश्यकता हो सकती है। निरीक्षण के दौरान रनवे और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की संभावनाओं का भी आकलन किया गया। ओल्ड मालदह और गाजोल के बीच किसी उपयुक्त स्थान पर एयरपोर्ट बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, परियोजना अभी शुरुआती चरण में है। एयरपोर्ट के लिए जमीन के चयन, कुल क्षेत्रफल और निर्माण कार्य शुरू करने को लेकर अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। सांसद और विधायक ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल तेज होगी।

























