सिलीगुड़ी: सिक्किम के सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री एन.बी. दाहाल ने दक्षिण सिक्किम के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर सड़क बुनियादी ढांचे, चल रहे कार्यों तथा भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील हिस्सों का निरीक्षण किया। मंत्री ने पुतली भीर के रास्ते रबोंगला-दमथांग सड़क का निरीक्षण करते हुए सड़क की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में ढलान स्थिरीकरण के उपायों का जायजा लिया।
इसके बाद उन्होंने रबोंग-रालोंग-फामताम कॉरिडोर तथा रंगीत नदी मार्ग के शालाले क्षेत्र से जुड़े हिस्सों का भी निरीक्षण किया। क्षतिग्रस्त और संवेदनशील हिस्सों का जायजा लेने के बाद मंत्री ने इंजीनियरिंग टीमों को तत्काल मरम्मत, संरचनात्मक मजबूती और सड़क की सतह सुधारने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों और वाहनों की आवाजाही सुरक्षित एवं सुगम हो सके। निरीक्षण के दौरान सड़क एवं पुल विभाग के प्रधान मुख्य अभियंता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हुए । तकनीकी टीम ने मौके पर सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं का आकलन किया। दक्षिण सिक्किम दौरे के दौरान मंत्री दाहाल ने रावंगला स्थित एनआईटी सिक्किम परिसर का भी दौरा किया। उन्होंने संस्थान के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर परिसर की सड़क कनेक्टिविटी, पहुंच मार्गों और आवश्यक बुनियादी ढांचे पर चर्चा की। मंत्री ने छात्रों, शिक्षकों और शोधार्थियों की आवाजाही से जुड़ी आवश्यकताओं की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर सड़क रखरखाव और कनेक्टिविटी संबंधी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। यह दौरा मंत्री के व्यापक क्षेत्रीय निरीक्षण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके तहत पश्चिम सिक्किम के बाद दक्षिण सिक्किम में सड़क बुनियादी ढांचे की स्थिति का भी जायजा लिया जा रहा है।
























