ऐतिहासिक मॉल रोड के पास स्थित हर्षवर्धन श्रृंगला के आवास ‘इवानहो’ पहुंचे
दार्जिलिंग के लोकप्रिय मोमो और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा
सिलीगुड़ी: भारत-अमेरिका के संबंधों को दार्जिलिंग की पहाड़ियों और यहां के लोगों के साथ और मजबूत करने के उद्देश्य से भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर अपनी टीम के साथ राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला के आमंत्रण पर दार्जिलिंग पहुंचे। दौरे के दौरान राजदूत सर्जियो गोर और उनकी टीम ने दार्जिलिंग की समृद्ध विरासत, जीवंत संस्कृति और युवाओं की आकांक्षाओं को करीब से जानने का अवसर प्राप्त किया। उन्होंने ऐतिहासिक मॉल रोड के समीप स्थित हर्षवर्धन श्रृंगला के आवास ‘इवानहो’ का भी दौरा किया। इस दौरान राजदूत गोर ने दार्जिलिंग के लोकप्रिय व्यंजनों, जिनमें मोमो प्रमुख रहा, का स्वाद लिया और प्रसिद्ध कैसलटन फर्स्ट फ्लश चाय का आनंद लिया। उन्होंने दार्जिलिंग की पहाड़ियों की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और इस पहाड़ी शहर के अनोखे आकर्षण की सराहना की। राजदूत गोर अपनी टीम के साथ ऐतिहासिक दार्जिलिंग मॉल रोड भी पहुंचे। दार्जिलिंग के केंद्र माने जाने वाले मॉल रोड पर उन्होंने शहर की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और स्थानीय जीवन को करीब से महसूस किया। दौरे का एक प्रमुख आकर्षण दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की टॉय ट्रेन की सवारी भी रही। पहाड़ी रास्तों से गुजरती ट्रेन के सफर के दौरान राजदूत गोर और उनकी टीम ने दार्जिलिंग की इस विश्व प्रसिद्ध विरासत का अनुभव किया। टॉय ट्रेन दार्जिलिंग के इतिहास, संस्कृति और पर्यटन की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यात्रा के दौरान राजदूत गोर ने छात्रों और युवाओं से भी संवाद किया। बातचीत में भारत के भविष्य के निर्माण और दुनिया के साथ भारत के संबंधों को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। छात्रों के उत्साह और विचारों ने नई पीढ़ी की ऊर्जा और वैश्विक अवसरों के प्रति उनकी आकांक्षाओं को सामने रखा।
भारत-अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
इस दौरे को भारत-अमेरिका संबंधों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सांस्कृतिक आदान-प्रदान, साझा अनुभव और सामुदायिक जुड़ाव के जरिए दोनों देशों के बीच संबंधों को और गहरा करने पर जोर दिया गया। हर्षवर्धन श्रृंगला ने दार्जिलिंग में पर्यटन की अपार संभावनाओं और इसकी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध विरासत तथा विशिष्ट संस्कृति को वैश्विक स्तर पर और बेहतर तरीके से सामने लाने के अवसरों पर भी चर्चा की। राजदूत सर्जियो गोर ने दार्जिलिंग यात्रा को सुखद अनुभव बताते हुए अधिक से अधिक अमेरिकी पर्यटकों से दार्जिलिंग आने और यहां की पहाड़ियों की सुंदरता, शांत वातावरण तथा अनोखे आकर्षण का अनुभव करने की अपील की।

























