सिक्किम में आयोजित होने वाला अपनी तरह का पहला लायज़न ऑफिसर प्रशिक्षण कोर्स
सिक्किम में पहली बार लायज़न ऑफिसर प्रशिक्षण के जरिए पर्वतारोहण एवं ट्रेकिंग के लिए प्रशिक्षित पेशेवर तैयारी
सिलीगुड़ी: सिक्किम के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अंतर्गत सिक्किम INSPIRES कार्यक्रम के तहत पर्वतारोहण एवं ट्रेकिंग अभियानों के लिए पांच दिवसीय लायज़न ऑफिसर प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ किया गया है। 10 से 14 सितंबर तक चेमचे स्थित इंडियन हिमालयन सेंटर फॉर एडवेंचर एंड इको-टूरिज्म (IHCAE) में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सिक्किम में अपनी तरह का पहला लायज़न ऑफिसर प्रशिक्षण कोर्स है। इसका आयोजन IHCAE द्वारा इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन (IMF), नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। प्रशिक्षण में कुल 35 प्रशिक्षु, जिनमें 30 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं, भाग ले रहे हैं। पांच दिवसीय पाठ्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अभियान प्रबंधन, पर्वतीय सुरक्षा, आपातकालीन तैयारी, जोखिम प्रबंधन, संचार व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लायज़न ऑफिसर की भूमिका एवं जिम्मेदारियों से संबंधित व्यावहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य सिक्किम में सुरक्षित, जिम्मेदार और पेशेवर एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देना तथा पर्वतारोहण एवं ट्रेकिंग अभियानों के लिए कुशल और प्रशिक्षित लायज़न ऑफिसरों की एक मजबूत टीम तैयार करना है।

























