सिलीगुड़ी: सड़क एवं पुल मंत्री एन.बी. दाहाल ने रिंबी में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क की बहाली का कार्य मंगलवार से तत्काल शुरू करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। पश्चिम सिक्किम से राज्यव्यापी सड़क निरीक्षण अभियान की शुरुआत करने के बाद मंत्री दाहाल युक्सोम-ताशीडिंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रिंबी पहुंचे और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया। भूस्खलन के कारण रिंबी को खेचोपेरी से जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया है। इससे स्थानीय लोगों, विशेषकर रिंबी और सिंगताम के निवासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण करने के बाद मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को मंगलवार से ही सड़क बहाली का काम शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सड़क एवं पुल विभाग के प्रधान मुख्य अभियंता-सह-सचिव ए.बी. सुब्बा, ग्यालशिंग के जिला कलेक्टर तेनजिंग डी. डेंजोंगपा, सड़क एवं पुल विभाग के विशेष कार्य अधिकारी हरि नारायण सुबेदि, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, विभाग के वरिष्ठ अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) के अधिकारी तथा संबंधित ठेकेदार मौजूद थे।

























