157वीं गांधी जयंती पर गंगटोक में 12 उन्नत कचरा संग्रहण वाहनों को दिखाई हरी झंडी
सिलीगुड़ी: 157वीं गांधी जयंती के अवसर पर सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने शुक्रवार को गंगटोक के एमजी मार्ग से 12 उन्नत सीवेज एवं कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के संचालन से शहर में स्वच्छता सेवाओं और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसका उद्देश्य कचरा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाना है।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सिक्किम ने देश में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। सिक्किम देश का पहला राज्य है, जिसने प्लास्टिक बैग पर प्रतिबंध लगाने की पहल की थी। इसके अलावा डिस्पोजेबल प्लास्टिक कचरे पर रोक लगाने के लिए भी विभिन्न कदम उठाए गए हैं।
रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के इस्तेमाल से दूरी बनाते हुए सिक्किम वर्ष 2016 में देश का पहला पूर्ण जैविक राज्य बना। वहीं, सतत विकास लक्ष्यों (SDG) से जुड़े संकेतकों में भी राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। राज्य में स्वच्छता एवं खुले में शौच की समस्या को रोकने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने के खिलाफ जुर्माने का भी प्रावधान है।
इसके अलावा ‘हरियो माखा’ जैसी पहलों के माध्यम से स्कूली बच्चों को भी पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा रहा है। बच्चे प्लास्टिक के खाली पैकेटों का पुनः उपयोग कर बुक कवर और अन्य उपयोगी सामग्री तैयार कर रहे हैं। इस तरह सिक्किम में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकारी प्रयासों के साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

























