सिलिगुड़ी: सिक्किम और कालिम्पोंग को जोड़ने वाले प्रमुख NH-10 पर मरम्मत कार्य के लिए 7 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच दो चरणों में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यह प्रतिबंध सेवक के कोरोनेशन ब्रिज से रंगपो तक करीब 52 किलोमीटर लंबे हिस्से पर लागू होगा।
पहला चरण 7 से 15 अक्टूबर और दूसरा चरण 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक रहेगा। एनएचआईडीसीएल द्वारा सड़क की खुदाई, ढलान संरक्षण और भूस्खलन रोकने से जुड़े जरूरी कार्य किए जाने हैं। एजेंसी के अनुसार कुछ हिस्से बेहद खतरनाक हो चुके हैं, इसलिए सुरक्षा को देखते हुए रात में यातायात बंद करना जरूरी है।
पर्यटन संगठनों ने जताई आपत्ति
दुर्गा पूजा, दशैं और दीपावली के पर्यटन सीजन के दौरान एनएच-10 बंद किए जाने पर पर्यटन संगठनों ने चिंता जताई है। उन्होंने मरम्मत कार्य को पर्यटकों की आवाजाही कम होने वाले जनवरी तक स्थगित करने की मांग की है। हिमालयन हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म डेवलपमेंट नेटवर्क के महासचिव तन्मय गोस्वामी ने कहा कि एनएच-10 दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और सिक्किम समेत हिमालयी क्षेत्रों की यात्रा का प्रमुख मार्ग है। रात में पूर्ण प्रतिबंध से पर्यटकों, परिवहन व्यवसायियों, होटल और होमस्टे संचालकों के साथ स्थानीय पर्यटन अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता है। ईस्टर्न हिमालयन ट्रैवल एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देबाशीष मैत्र ने भी कहा कि कई पर्यटक पहले ही होटल, वाहन, रेल और हवाई टिकट बुक कर चुके हैं। ऐसे में प्रतिबंध से उनकी यात्रा योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, एनएचआईडीसीएल सूत्रों ने मरम्मत कार्य को अत्यंत जरूरी बताया है।

























