18 साल बाद मालबाजार से कोलकाता रॉकेट बस सेवा फिर शुरू
सिलीगुड़ी: लंबे 18 वर्षों के अंतराल के बाद डुआर्स के मालबाजार से कोलकाता के बीच उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (NBSTC) की रॉकेट बस सेवा फिर शुरू हो गई। सोमवार को परीक्षण के तौर पर पहली रॉकेट वोल्वो बस चालक उत्तम दास कोलकाता से चलाकर सुबह करीब 10 बजे मालबाजार पहुंचे। यहां विधायक शुक्रा मुंडा ने शंख बजाकर और पुष्प अर्पित कर बस का स्वागत किया।
इस अवसर पर NBSTC के क्षेत्रीय प्रबंधक सौविक दे, समाजसेवी राकेश नंदी, अधिवक्ता सुमन शिकदार और मालबाजार शाखा के डिपो प्रभारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एक समय मालबाजार से कोलकाता तक रॉकेट बस सेवा नियमित रूप से चलती थी, लेकिन वर्ष 2008 में इसे बंद कर दिया गया था। इसके बाद मालबाजार और आसपास के लोगों के लिए कोलकाता जाने का प्रमुख साधन कांचनकन्या एक्सप्रेस ही रह गई थी। एकमात्र ट्रेन होने के कारण यात्रियों को टिकट के लिए काफी परेशानी होती थी और कई लोगों को सिलिगुड़ी जाकर वैकल्पिक परिवहन तलाशना पड़ता था।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मांग पर विधायक शुक्रा मुंडा ने NBSTC अधिकारियों से संपर्क कर सेवा को दोबारा शुरू कराने की पहल की। सोमवार को बस को जयगांव के लिए रवाना करते हुए विधायक ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। अब ट्रेन के साथ कोलकाता जाने के लिए बस का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। NBSTC के क्षेत्रीय प्रबंधक सौविक दे ने बताया कि फिलहाल बस सेवा का परीक्षण किया जा रहा है। 10 अक्टूबर से जयगांव से मालबाजार और उदलाबाड़ी होते हुए बस प्रतिदिन कोलकाता के लिए रवाना होगी। वोल्वो बस में यात्रियों की सुविधा के लिए जैविक शौचालय की व्यवस्था की गई है। टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होंगे। मालबाजार से कोलकाता का किराया 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। 18 साल बाद रॉकेट बस सेवा बहाल होने से मालबाजार सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों और व्यापारियों में खुशी की लहर है।

























