सिलीगुड़ी: डुआर्स के जंगलों में सड़क किनारे वाहन रोककर फोटो या रील्स बनाने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर अब वन विभाग की नजर रहेगी। लाटागुड़ी, चालसा-खुनिया मोड़ और मूर्ति-खुनिया मोड़ के बीच करीब 20 एआई कैमरे लगाए जा रहे हैं। महालया से पहले कैमरे और दुर्गापूजा से पहले उत्तर बंगाल का पहला एआई कंट्रोल रूम शुरू करने की तैयारी है।
कैमरों के जरिए तेज रफ्तार वाहनों, संदिग्ध गतिविधियों और नंबर प्लेट की निगरानी होगी। वन्यजीवों के आवागमन वाले क्षेत्रों में वाहन रोककर फोटो या रील्स बनाने पर 1,250 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वन संरक्षण कानून के तहत भी कार्रवाई होगी।
डीएफओ द्विजप्रतिम सेन ने बताया कि यह परियोजना फिलहाल पायलट आधार पर शुरू की जा रही है। छह महीने के आकलन के बाद इसे अन्य वन क्षेत्रों में भी लागू किया जा सकता है।

























