NH-10 रंगपो-रानीपूल चौड़ीकरण का काम दिसंबर-जनवरी से शुरू होने की उम्मीद
सिलीगुड़ी: सिक्किम के सड़क एवं पुल मंत्री एन.बी. दाहाल ने कहा है कि लंबे समय से प्रस्तावित NH-10 के रंगपो–रानीपूल खंड के चौड़ीकरण का काम दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने यह जानकारी गुजरात के एकता नगर में आयोजित चिंतन शिविर 2026 के बाद दी।
मंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। NHIDCL की ओर से 30 सितंबर 2026 को निविदा जारी की गई थी। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर और तकनीकी बोली खोलने की तिथि 17 नवंबर निर्धारित की गई है।
करीब 706.63 करोड़ की इस परियोजना के तहत रंगपो के किमी 53.50 से रानीपूल के किमी 79.371 तक लगभग 25.87 किमी सड़क को चौड़ा कर पक्के शोल्डर के साथ दो लेन में विकसित किया जाएगा। परियोजना में सुरंगों और वायाडक्ट के निर्माण के साथ भूस्खलन व धंसाव वाले संवेदनशील क्षेत्रों का विशेष उपचार भी शामिल है।
EPC (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड में होने वाला यह कार्य सिक्किम की सड़क कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रंगपो राज्य का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जबकि रानीपूल के रास्ते आगे गंगटोक से संपर्क स्थापित होता है।

























