सिलीगुड़ी: सिक्किम के गंगटोक जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में भीषण भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़कें बंद हो गई हैं और घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर व्यापक नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। बोजोगरी, रांका, सिचे, अरिथांग, वीआईपी कॉलोनी और पंगथांग-लिंगदोक मार्ग सहित कई क्षेत्रों में आवाजाही बुरी तरह प्रभावित। सिचे स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और एंचे स्कूल के पास 33/11 KV स्विचिंग स्टेशन पर मलबे से खतरा। ढलानों को धंसने से रोकने के लिए तिरपाल लगाए जा रहे हैं, सड़कों से मलबा हटाया जा रहा है और प्रभावितों तक सहायता पहुंचाई जा रही है। स्थानीय निवासियों को रात के समय विशेष सतर्कता बरतने और जमीन या मकानों में दरार दिखने पर तुरंत सूचित करने की सलाह दी गई है।

























