सिलीगुड़ी: कालचीनी ब्लॉक के मेचपाड़ा नंबर-8 में विकसित एमजी पार्क अब पर्यटन के नक्शे पर नए आकर्षण के रूप में उभरने लगा है। गुरुवार को पश्चिम बंगाल सरकार के राज्य मंत्री विशाल लामा की विशेष उपस्थिति में पार्क का भव्य उद्घाटन किया गया।
मंत्री विशाल लामा ने पार्क के प्रवेश द्वार पर फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद आयोजक समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। स्थानीय स्कूली बच्चों ने रंगारंग स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। इस दौरान पार्क परिसर में स्थापित भगवान बुद्ध और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं पर्यटन उद्यमी रामकुमार लामा, मेचपाड़ा चाय बागान प्रबंधन के प्रतिनिधि, चुवापाड़ा ग्राम पंचायत की प्रधान रुपिला चिक बड़ाइक, कालचीनी ग्राम पंचायत की प्रधान रिम्की छेत्री लामा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री विशाल लामा ने कहा कि भाटपाड़ा और मेचपाड़ा नंबर-8 के बीच स्थित यह पार्क आने वाले दिनों में क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देने वाला नया आकर्षण बन सकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से पार्क के संरक्षण और विकास में सहयोग करने की अपील की। प्राकृतिक सुंदरता के बीच विकसित यह पार्क पर्यटकों के लिए नया गंतव्य बनने की उम्मीद जगा रहा है।

























