विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में पहल, डुआर्स को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी
सिलीगुड़ी: सुपरस्टार एवं राज्य के सूचना एवं संस्कृति विभाग के सलाहकार मिथुन चक्रवर्ती के डुआर्स दौरे से क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं को लेकर नई उम्मीद जगी है। राज्य सरकार की जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार अलीपुरदुआर पहुंचे मिथुन ने गुरुवार को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा कर संभावनाओं का जायजा लिया। बुधवार रात हासीमारा के समीप मालंगी लॉज में ठहरने के बाद उन्होंने कुमारग्राम के भूटानघाट से दौरे की शुरुआत की। जंगल सफारी के दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखा। इसके बाद वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर चर्चा की। मिथुन ने भूटानघाट की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए यहां पर्यटन को विकसित करने के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह कालचीनी के पोरो इको पार्क पहुंचे, जहां गृह राज्य मंत्री एवं कालचीनी विधायक विशाल लामा सहित स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। मिथुन ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और विकास संबंधी मांगें जानीं। विशाल लामा ने बताया कि डुआर्स को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। पोरो में ट्रैवल म्यूजियम और कुछ स्थानों पर होटल विकसित करने की योजना है, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

























