सिक्किम में रंगपो से रानीपूल तक एनएच-10 के उन्नयन को केंद्र की मंजूरी
सुरंगों, पुलों और वायाडक्ट के निर्माण से बेहतर होगी कनेक्टिविटी
सिलीगुड़ी: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को सिक्किम में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के रंगपो-रानीपूल खंड के विकास के लिए 993.64 करोड़ की मंजूरी की घोषणा की। परियोजना के तहत इस मार्ग को पक्के शोल्डर के साथ दो-लेन राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।
परियोजना में कठिन हिमालयी भू-भाग को ध्यान में रखते हुए कई सुरंगों, वायाडक्ट, पुलों और कट-एंड-कवर सेक्शन का निर्माण किया जाएगा। भूस्खलन और सड़क धंसने वाले संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक ढलान-सुरक्षा उपाय भी किए जाएंगे।
गडकरी ने कहा कि उन्नत एनएच-10 से गंगटोक और सिक्किम के अन्य हिस्सों के लिए सुरक्षित, तेज और अधिक टिकाऊ सड़क संपर्क सुनिश्चित होगा। इससे पर्यटन, कृषि एवं बागवानी उत्पादों तथा आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, यह मार्ग रक्षा कर्मियों और सैन्य सामग्री की आवाजाही के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होगा।
रंगपो-रानीपूल खंड सिक्किम को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले एनएच-10 का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बार-बार होने वाले भूस्खलन और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लंबे समय से इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

























