सिलीगुड़ी: पश्चिम सिक्किम के गेजिंग ज़िले के सिंगलीटाम और रिंबी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के बीच जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग राहत और बचाव कार्यों में जुटे हैं। रिंबी में भूस्खलन का मलबा निक खोला धारा में जमा होने से बारिश के दौरान मलबे के साथ पानी तेज़ी से नीचे की ओर बह रहा है। इससे रिंबी क्षेत्र के कई घर प्रभावित हुए हैं। वहीं, एक आरसीसी पुल भी बह गया है। रिंबी नदी के बहाव में बदलाव के कारण सड़क किनारे का हिस्सा भी प्रभावित हो रहा है। सड़क संपर्क बहाल करने के लिए मलबा हटाने और सड़क की मरम्मत का काम लगातार जारी है। लोगों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए 15 सितंबर से अस्थायी बांस के पुल के निर्माण का कार्य शुरू किया जाना है। इसके साथ ही, ऊंचाई वाले स्थान पर बेली ब्रिज के निर्माण की दिशा में भी सरकार आवश्यक कदम उठा रही है।
SSDMA ने लोगों से अपील की है कि सक्रिय भूस्खलन वाले क्षेत्रों, मलबे से प्रभावित इलाकों तथा बारिश के दौरान नदियों और नालों के पास जाने से बचें ।

























