सिलीगुड़ी: सिक्किम के सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री एन.बी. दाहाल ने पश्चिम सिक्किम से राज्यव्यापी सड़क निरीक्षण अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य मानसून के बाद राज्य में सड़क संपर्क की स्थिति का जायजा लेना, भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करना तथा आवश्यक मरम्मत और बुनियादी ढांचे के उन्नयन कार्यों में तेजी लाना है। अभियान के तहत मंत्री ने महत्वपूर्ण लेगशिप-एनएचपीसी सड़क खंड तथा द्वितीय माइल ग्यालशिंग-लेगशिप सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क एवं पुल विभाग के पीसीई-सह-सचिव ए.बी. सुब्बा, गेजिंग के जिला कलेक्टर तेनजिंग डी. डेंजोंगपा, ओएसडी हरि नारायण सुबेदी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, वरिष्ठ अभियंता, एनएचआईडीसीएल के अधिकारी और संबंधित ठेकेदार उपथित हुए | निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सड़क की मौजूदा स्थिति, सतह सुधार और संरचनात्मक मजबूती से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल ने रिंबी क्षेत्र का भी दौरा किया, जहां सक्रिय भूस्खलन के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त है। मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई पर जोर दिया।

























