सिलीगुड़ी: दार्जिलिंग और कालिम्पोंग की मुख्य सड़कों के करीब 60 प्रतिशत हिस्से में वाहनों की पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे स्कूली छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ी है। पहाड़ी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए पार्किंग स्थल विकसित करने की पहल की जा रही है।
भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) के अनुभव और दिशा-निर्देशों के अनुरूप पार्किंग व्यवस्था तैयार की जाएगी। इसके लिए दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के जिलाधिकारियों तथा पुलिस अधीक्षकों को संयुक्त रूप से योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
अक्टूबर 2023 की प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों और खतरनाक मोड़ों की मरम्मत के लिए GTA को 465 योजनाओं के तहत 249 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं, राज्य बजट से अतिरिक्त 313 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। पूजा और पर्यटन सीजन से पहले पहाड़ के आधारभूत ढांचे को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है।

























