पर्यटन क्षेत्र में 12,624 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव
सिलीगुड़ी: डुआर्स के चालसा में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक में पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि दार्जिलिंग के संदाकफू में विंटेज कार रैली के साथ चाय उत्सव और पुरुलिया में पलाश उत्सव आयोजित करने की योजना है। राज्य के विभिन्न जिलों के प्रमुख पर्यटन स्थलों को केंद्र में रखकर ऐसे उत्सव आयोजित किए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन क्षेत्र में करीब 12,624 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने पर्यटन व्यवसायियों से डिजिटल रजिस्ट्रेशन कराने और सभी जरूरी नियमों का पालन करने की अपील की। नियमों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उन्होंने जंगल और इको-सेंसिटिव जोन में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन पर जोर देते हुए जलपाईगुड़ी के हेरिटेज, धार्मिक स्थलों, जंगल और वन्यजीवों को संरक्षित रखते हुए पर्यटन विकास की बात कही। साथ ही पर्यटकों की सुविधा के लिए टूरिस्ट हेल्पलाइन शुरू करने का निर्देश दिया।

























