सिलीगुड़ी: सिक्किम के लोकसभा सांसद डॉ. इंद्रहांग सुब्बा ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर पाक्योंग हवाई अड्डे की संरचनात्मक एवं भू-तकनीकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने पूरे हवाई अड्डा परिसर और आसपास के क्षेत्र का व्यापक भू-तकनीकी एवं संरचनात्मक अध्ययन कराने का अनुरोध किया।
सांसद ने कहा कि मौजूदा चुनौतियों को देखते हुए किसी एक स्थान पर स्थानीय स्तर पर समाधान पर्याप्त नहीं होगा। पूरे क्षेत्र की भू-तकनीकी स्थिति और बुनियादी ढांचे का वैज्ञानिक आकलन कर आवश्यक सुरक्षा एवं शमन उपाय किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि पाक्योंग हवाई अड्डा सिक्किम के लिए महत्वपूर्ण हवाई संपर्क केंद्र है। इसकी सुरक्षा और दीर्घकालिक परिचालन क्षमता राज्य के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सांसद ने मंत्रालय से प्रस्तावित व्यापक अध्ययन को प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया।

























